उत्तर प्रदेश में 17 मार्च से खरीदा जाएगा गेहूं, बुलंदशहर में बनेगा नर्सिंग कॉलेज - Newztezz

Breaking

Monday, March 10, 2025

उत्तर प्रदेश में 17 मार्च से खरीदा जाएगा गेहूं, बुलंदशहर में बनेगा नर्सिंग कॉलेज

 


Lucknow News : उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने राज्य में नई गेहूं खरीदी नीति की घोषणा कर दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में आज लोक भवन में हुई कैबिनेट बैठक में यह महत्वपूर्ण फैसला लिया गया। इस बैठक में कुल 19 प्रस्ताव पारित किए गए, जिनमें उत्तर प्रदेश में नई गेहूं खरीद नीति को भी मंजूरी दी गई है।

कैबिनेट बैठक में लिए गए अहम फैसलों की जानकारी उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने प्रेस वार्ता में दी। उन्होंने बताया कि इस वर्ष गेहूं खरीद का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 2425 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है। इसके तहत सरकार 17 मार्च से 15 जून 2025 तक उत्तर प्रदेश के 6500 क्रय केंद्रों पर गेहूं की खरीद करेगी।

बलिया में बनेगा मेडिकल कॉलेज

इसके अलावा, कैबिनेट ने जनपद हरदोई में महर्षि दधीचि आश्रम के विकास के लिए दो एकड़ भूमि निशुल्क देने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। साथ ही, आगरा में मेट्रो परियोजना के लिए दो स्थानों पर डिपो निर्माण के लिए भूमि आवंटन को स्वीकृति दी गई है। इसके तहत सरकार ने गृह विभाग और आवास विकास की भूमि मेट्रो परियोजना के लिए उपलब्ध कराई है, ताकि वहां मेट्रो डिपो स्थापित किया जा सके। इसके साथ ही बलिया में 14.05 एकड़ भूमि पर मेडिकल कॉलेज बनाया जाएगा। Lucknow News

बुलंदशहर में बनाएंगे नर्सिंग कॉलेज

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में 4570 वर्ग मीटर कृषि भूमि पर नर्सिंग कॉलेज का निर्माण होगा। प्रदेश सरकार ने इटावा के सैफई में 100 बेड के बच्चों के अस्पताल के निर्माण को भी मंजूरी दी है। इसके अलावा कानपुर परिक्षेत्र में स्थित कताई मिलों की भूमि पर औद्योगिक विकास के लिए यूपी सीडा को निशुल्क भूमि दी जाएगी। यह भूमि 451 एकड़ है। उत्तर प्रदेश में अब भौतिक स्टांप की व्यवस्था को खत्म किया जाएगा। दस से 25 हजार तक के स्टांप 31 मार्च 2025 तक ही मान्य होंगे। उन्होंने बताया कि विभिन्न ट्रेजरी में रखे गए 5600 करोड़ से अधिक स्टांप को वापस लिया जाएगा। 

No comments:

Post a Comment